कांवड़ मेले में स्वास्थ्य सेवाएं बनीं बड़ी राहत, एक दिन में 22,608 श्रद्धालुओं का उपचार, सीडीओ ने एमआरपी का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के दौरान स्वास्थ्य विभाग श्रद्धालुओं को लगातार बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। शुक्रवार को जारी जिला स्वास्थ्य विभाग की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार, मेले में स्थापित चिकित्सा शिविरों और स्वास्थ्य इकाइयों में एक ही दिन में 22,608 श्रद्धालुओं का उपचार किया गया। वहीं अब तक 1,31,025 मरीजों को उपचार उपलब्ध कराया जा चुका है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरिद्वार डॉ. आरके सिंह ने बताया कि शुक्रवार को सर्वाधिक 12,231 अन्य बीमारियों, 4,117 बुखार, 3,710 फंगल संक्रमण, 1,212 दुर्घटना में घायल, 1,114 डायरिया तथा 181 झुलसने के मरीजों का उपचार किया गया। इसके अलावा कुत्ता, बंदर, सांप और कीट काटने के मामलों में भी मरीजों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की गई।

गंभीर मरीजों की बात करें तो शुक्रवार को 16 मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर किया गया। इनमें दुर्घटना में घायल, डायरिया और हृदय संबंधी समस्याओं के मरीज शामिल रहे। अब तक कुल 109 मरीजों को रेफर किया जा चुका है।

तीन मौतों की सूचना दर्ज की गई, जिनमें एक व्यक्ति मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया तथा दो अन्य की विभिन्न कारणों से मृत्यु हुई। मेले की शुरुआत से अब तक कुल सात मौतें दर्ज की गई हैं।

इधर, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने भी मेले के दौरान एमआरपी (मेडिकल रिलीफ पोस्ट) का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सा सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता, चिकित्सकों की तैनाती और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि कांवड़ मेले की समाप्ति तक सभी स्वास्थ्य इकाइयों को पूरी क्षमता के साथ संचालित किया जाएगा।

You cannot copy content of this page