हरिद्वार प्रेस क्लब की बड़ी कार्रवाई: नरेश गुप्ता की सदस्यता दो वर्षों के लिए समाप्त

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। प्रेस क्लब हरिद्वार ने अपनी अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत सदस्य नरेश गुप्ता की सदस्यता दो वित्तीय वर्षों के लिए समाप्त कर दी है। क्लब की कार्यकारिणी ने अनुशासन समिति की संस्तुति पर यह निर्णय लेते हुए उन्हें प्रेस क्लब की आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने तथा संस्था की प्रतिष्ठा को धूमिल करने का दोषी माना है।
प्रेस क्लब के अनुसार, नरेश गुप्ता द्वारा संस्था के संबंध में कई कथित रूप से असत्य और अनर्गल समाचार प्रकाशित किए गए थे। इन प्रकाशनों को गंभीरता से लेते हुए प्रेस क्लब की पांच सदस्यीय अनुशासन समिति ने उन्हें नोटिस जारी कर प्रकाशित समाचारों के संबंध में बिंदुवार जवाब मांगा था। क्लब का दावा है कि उनके द्वारा कोई संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत नहीं किया गया।
इसके बाद अनुशासन समिति ने 26 जून को उन्हें व्यक्तिगत रूप से समिति के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिए। समिति के अनुसार, सुनवाई के दौरान नरेश गुप्ता प्रकाशित समाचारों के समर्थन में कोई ठोस तथ्य या प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। हालांकि उन्होंने समाचारों को लेकर खेद व्यक्त किया, लेकिन समिति ने इसे पर्याप्त नहीं माना और उनके कृत्य पर गहरी नाराजगी जताई।
अनुशासन समिति की रिपोर्ट के आधार पर 28 जून को प्रेस क्लब हरिद्वार की कार्यकारिणी की बैठक में निर्णय लिया गया कि नरेश गुप्ता ने प्रेस क्लब की आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है तथा मिथ्या और अनर्गल समाचार प्रकाशित कर संस्था की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया है। इसके चलते उन्हें दो वित्तीय वर्षों के लिए प्रेस क्लब हरिद्वार की सदस्यता से वंचित कर दिया गया है। इस निर्णय के बाद नरेश गुप्ता अब प्रेस क्लब हरिद्वार के सदस्य नहीं रहेंगे।

You cannot copy content of this page