देहरादून में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई: 12 बसों समेत 54 वाहनों के चालान, 4 बसों सहित 12 वाहन सीज

खबर डोज, देहरादून। सड़क सुरक्षा और परिवहन नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने शुक्रवार को देहरादून में विशेष संयुक्त प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 12 बसों सहित कुल 54 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई, जबकि 4 बसों समेत 12 वाहनों को सीज कर दिया गया।

आरटीओ प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा संभाग, देहरादून की डॉ. अनीता चमोला के निर्देश पर यह अभियान आईएसबीटी से लच्छीवाला, सहारनपुर मार्ग और आशारोड़ी रूट पर चलाया गया। अभियान के दौरान एआरटीओ प्रवर्तन विकासनगर की टीम ने विशेष रूप से अन्य राज्यों के ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट वाली बसों की परमिट शर्तों और सुरक्षा मानकों की गहन जांच की।

जांच में कई वाहनों में मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया। गंभीर अनियमितताओं के चलते 12 वाहनों को सीज किया गया, जिनमें 4 यात्री बसें भी शामिल हैं। इसके अलावा कुछ बसों में सुरक्षा उपकरणों और फिटनेस संबंधी कमियां मिलने पर दो बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र के विरुद्ध भी कार्रवाई की संस्तुति की गई है।

आरटीओ प्रवर्तन डॉ. अनीता चमोला ने कहा कि यात्री बसों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सीधे तौर पर आम लोगों की सुरक्षा से जुड़ा विषय है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग का उद्देश्य केवल नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों और आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना भी है।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से यात्री वाहनों में सुरक्षा उपकरण, फिटनेस, वैध परमिट और चालक की पात्रता का पूर्ण अनुपालन अनिवार्य है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके। विभाग ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग ने सभी वाहन संचालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी दस्तावेज अद्यतन रखें तथा सड़क सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित करें।
इस प्रवर्तन अभियान में एआरटीओ प्रवर्तन देहरादून रत्नाकर सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन विकासनगर अनिल सिंह नेगी, परिवहन कर अधिकारी प्रज्ञा पंत और अनुराधा पंत सहित विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







