देहरादून में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, नाजिम आर्ट्स से अवैध HSRP प्लेटें और मानक विहीन सामग्री सीज, देखिए वीडियो

–रायपुर रोड स्थित दुकान पर छापा, पुरानी नंबर प्लेटों का भी मिला जखीरा
खबर डोज, देहरादून। मोटर वाहन अधिनियम 1989 के तहत वाहन नंबर प्लेटों और संबंधित सामग्री के मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने मंगलवार को रायपुर रोड स्थित नाज़िम आर्ट्स नामक दुकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने कई पुरानी नंबर प्लेटों के साथ 5 नई हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) बरामद कर उन्हें सीज कर दिया। इसके अलावा मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर सबस्टैंडर्ड रिफ्लेक्टर टेप भी जब्त किए गए।
यह कार्रवाई एआरटीओ चक्रपाणि मिश्रा के नेतृत्व में की गई। टीम में टीटीओ प्रज्ञा पंत, एनफोर्समेंट कांस्टेबल सुदीप और कपिल शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान दुकान में मोहम्मद नाज़िम और हेल्पर आज़म खान मौजूद मिले।
परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान दुकान में विभिन्न प्रकार की पुरानी नंबर प्लेटें रखी मिलीं, जिनके संबंध में आवश्यक दस्तावेज और वैध अनुमति मौके पर प्रस्तुत नहीं की जा सकी। वहीं नई HSRP प्लेटों को लेकर भी विभाग ने गंभीरता दिखाते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना अधिकृत अनुमति के नंबर प्लेट निर्माण, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेटों का अवैध भंडारण या मानकविहीन सामग्री का उपयोग मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का सीधा उल्लंघन है। ऐसे मामलों में विभाग लगातार अभियान चलाकर जांच और वैधानिक कार्रवाई कर रहा है।
परिवहन विभाग का कहना है कि सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और वाहन पहचान प्रणाली को पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विभाग ने वाहन स्वामियों से भी अपील की है कि वे केवल अधिकृत केंद्रों से ही HSRP नंबर प्लेट लगवाएं और किसी भी अवैध या मानकविहीन सामग्री का उपयोग करने से बचें।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







