कला वर्ग में हरिद्वार की नैना त्रिपाठी ने किया स्कूल टॉप

-माता-पिता और शिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय
खबर डोज, हरिद्वार। कनखल स्थित की छात्रा नैना त्रिपाठी ने कला वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में टॉप किया है। नैना की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, शिक्षकों और परिजनों में खुशी का माहौल है। विद्यालय में छात्रा को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
नैना त्रिपाठी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उन्होंने बताया कि नियमित अध्ययन, अनुशासन और आत्मविश्वास उनकी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी रहे। नैना ने कहा कि वह भविष्य में जज बनकर समाज के लिए न्याय के क्षेत्र में कार्य करना चाहती हैं। उनका सपना है कि वह मेहनत और लगन के दम पर न्यायपालिका में अपनी पहचान बनाएं।
नैना के पिता चंद्र मोहन त्रिपाठी पेशे से वकील हैं, जबकि माता लता त्रिपाठी गृहिणी हैं। बेटी की सफलता से परिवार में उत्साह और गर्व का माहौल बना हुआ है। चंद्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि नैना बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रही है और हमेशा अपने लक्ष्य को लेकर स्पष्ट सोच रखती है। उन्होंने कहा कि बेटी की मेहनत और समर्पण का ही परिणाम है कि उसने विद्यालय में टॉप कर परिवार का नाम रोशन किया है।
विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने भी नैना की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई। शिक्षकों का कहना है कि नैना शुरू से ही मेधावी और अनुशासित छात्रा रही हैं। पढ़ाई के साथ-साथ वह विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाती रही हैं। विद्यालय प्रशासन ने नैना के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







