गुमखाल–सतपुली हाईवे आज शाम 5 बजे से कल सुबह 6 बजे तक बंद, कंट्रोल्ड ब्लास्टिंग के चलते 13 घंटे यातायात रहेगा प्रभावित

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, पौड़ी गढ़वाल। गुमखाल–सतपुली मार्ग पर यात्रा करने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-534 (पूर्व में NH-119) पर गुमखाल से सतपुली के बीच चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य के चलते मंगलवार शाम 5 बजे से बुधवार सुबह 6 बजे तक यानी करीब 13 घंटे के लिए यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।

प्रशासन के अनुसार सतपुली मल्ली क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के बाद लगातार भू-धंसाव होने से सड़क के ऊपरी हिस्से में बड़े-बड़े बोल्डर लटक गए हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। इन बोल्डरों को सुरक्षित तरीके से हटाने के लिए कंट्रोल्ड ब्लास्टिंग की जाएगी। इसी कारण 30 जून 2026 को शाम 5:00 बजे से 1 जुलाई 2026 को सुबह 6:00 बजे तक राष्ट्रीय राजमार्ग-534 पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे इस दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। सतपुली की ओर जाने वाले वाहन सतपुली–कांडाखाल–सिसल्डी–डेरियाखाल मोटर मार्ग से आवागमन कर सकते हैं। वहीं कोटद्वार से आने वाले वाहनों के लिए दुगड्डा–फतेहपुर–डेरियाखाल–चुन्डई–कांडाखाल–सतपुली मार्ग निर्धारित किया गया है।

प्रशासन ने आमजन से अनुरोध किया है कि यात्रा की योजना पहले से बनाएं, अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं कार्यदायी संस्था का सहयोग करें। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

You cannot copy content of this page