ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत टिहरी पुलिस की बड़ी कामयाबी, फर्जी बिजली अधिकारी बनकर लाखों की ठगी करने वाला आरोपी झारखंड से गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, टिहरी। टिहरी गढ़वाल में साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए थाना लम्बगांव पुलिस ने फर्जी बिजली विभाग का अधिकारी बनकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार 19 फरवरी 2026 को थाना लम्बगांव क्षेत्र के ग्राम हैरवाल निवासी महेश सिंह रावत ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को बिजली विभाग का अधिकारी बताते हुए एक फर्जी लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करते ही उनके बैंक खाते से 2 लाख 59 हजार 500 रुपये निकाल लिए गए।

मामले में थाना लम्बगांव में धारा 318(4), 319(2), 3(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान उपनिरीक्षक शिवराम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन झारखंड में चिन्हित की।

इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय पुलिस के सहयोग से 14 अप्रैल 2026 को आरोपी शिवम कुमार साहू (22 वर्ष), निवासी बागबेडा, जमशेदपुर, झारखंड को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एक संगठित साइबर ठग गिरोह का सदस्य है, जो गरीब लोगों के बैंक खाते खुलवाकर उन्हें 10 से 15 प्रतिशत कमीशन देता है और उन्हीं खातों के माध्यम से ठगी की रकम का लेन-देन करता है।

पुलिस ने मामले में आईटी एक्ट की धारा 66(डी) भी बढ़ाई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड लिया गया है और उसे टिहरी गढ़वाल लाया जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और खुद को सरकारी अधिकारी बताने वाले कॉल या संदेशों से सतर्क रहें। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी थाने में संपर्क करें।

You cannot copy content of this page