कोटद्वार-दुगड्डा मार्ग पर मलबा हटाने का कार्य शुरू, कुछ देर बाद यातायात होगा सुचारू, देखिये वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। देर रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते कोटद्वार-दुगड्डा मार्ग पर जगह-जगह पहाड़ी से मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर सड़क पर आ गए, जिससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। मार्ग बंद होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बताया जा रहा है कि चूना धारा समेत कई स्थानों पर पहाड़ी से बोल्डर और मलबा सड़क पर गिरा है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी से मलबा आने का सिलसिला भी जारी रहा, जिसके चलते मार्ग को खोलने में दिक्कतें सामने आईं।

मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से सड़क पर आए मलबे व बोल्डरों को हटाया जा रहा है।

अधिकारियों के अनुसार यदि बारिश के कारण दोबारा मलबा नहीं आया तो कुछ देर में सड़क से मलबा हटाकर यातायात सुचारू कर दिया जाएगा। फिलहाल यात्रियों से मार्ग खुलने तक धैर्य बनाए रखने और अनावश्यक रूप से पहाड़ी क्षेत्र की ओर यात्रा न करने की अपील की गई है।

भारी बारिश को देखते हुए यात्रियों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। पहाड़ी मार्गों पर लगातार पत्थर और मलबा गिरने की आशंका के चलते वाहन चालकों से सुरक्षित स्थान पर रुकने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने को कहा गया है।

बारिश के चलते कोटद्वार-दुगड्डा मार्ग पर बनी स्थिति पर प्रशासन और संबंधित विभाग लगातार नजर बनाए हुए हैं।

You cannot copy content of this page