हरिद्वार में सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान तेज, राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिन-रात चल रहा पैचवर्क और डामरीकरण

–मुख्यमंत्री के 15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लक्ष्य के तहत कार्रवाई तेज, डीएम मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्य के निर्देश
खबर डोज, हरिद्वार। जनपद हरिद्वार की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग के अधीन आने वाली क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पैचवर्क और डामरीकरण का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड रुड़की की ओर से चिन्हित स्थानों पर दिन-रात काम कर सड़क की स्थिति सुधारने का प्रयास किया जा रहा है।
अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग रुड़की सुरेश तोमर ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में राष्ट्रीय राजमार्ग-334 ए के प्रदार्था क्षेत्र के अंतर्गत क्षतिग्रस्त एवं गड्ढायुक्त सड़कों को चिन्हित किया गया है। इन स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत, पैचवर्क तथा डामरीकरण का कार्य कराया जा रहा है।
मौके पर लगातार हो रहा निरीक्षण
सड़क मरम्मत कार्य में तेजी लाने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को मौके पर निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। अधिकारियों द्वारा निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि निर्धारित मानकों के अनुसार काम पूरा कराया जा सके और सड़क सुधार कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सड़क मरम्मत और गड्ढामुक्ति के कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के साथ ही कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा है।
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
हरिद्वार धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण जनपद है। यहां वर्षभर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आवागमन रहता है। ऐसे में प्रमुख मार्गों के गड्ढामुक्त होने से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। सड़क की स्थिति बेहतर होने से यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाने में मदद मिलेगी।
प्रशासन का कहना है कि क्षतिग्रस्त सड़कों की समय पर मरम्मत होने से वाहन चालकों को राहत मिलेगी और गड्ढों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने में भी मदद मिलेगी।
15 अक्टूबर तक प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी लक्ष्य के तहत हरिद्वार जनपद में भी संबंधित विभागों ने सड़क मरम्मत और गड्ढामुक्ति के कार्य को प्राथमिकता दी है।
राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ-साथ अन्य संबंधित विभागों के अधीन आने वाली सड़कों की स्थिति में सुधार के लिए भी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन की ओर से निर्धारित समयसीमा के भीतर अधिक से अधिक सड़कों को गड्ढामुक्त करने और कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







