इस बार भी नहीं चूका निशाना, देर रात हुई मुठभेड़ में हरिद्वार पुलिस ने मंदिर में चोरी करने वाले शातिर चोर के पैर में मारी गोली

ख़बर शेयर करें -

-चोरी की रकम, अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद

-लंबा-चौड़ा है अभियुक्त का आपराधिक इतिहास, हरिद्वार से लेकर उत्तर प्रदेश तक कई वारदातों को दे चुका है अंजाम

खबर डोज, हरिद्वार। खानपुर थाना क्षेत्र में जटाशंकर महादेव मंदिर में दानपात्रों के ताले तोड़कर चोरी करने के मामले में हरिद्वार पुलिस और एक शातिर चोर के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के बाद उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम, अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और चोरी में इस्तेमाल लोहे की रॉड बरामद की है।

जानकारी के अनुसार खानपुर क्षेत्र के जटाशंकर महादेव मंदिर में अज्ञात चोरों ने मंदिर में रखे तीन दानपात्रों के ताले तोड़कर नकदी चोरी कर ली थी। मामले में मंदिर के स्वामी शंकरदास जी शिष्य श्री मोहनदास जी महाराज की तहरीर पर खानपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन किया गया और क्षेत्र में सघन चेकिंग के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज व अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच शुरू की गई।

इसी क्रम में 3 और 4 अक्टूबर की देर रात पुलिस टीम खानपुर क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। ग्राम सहीपुर तिराहे से सिकंदरपुर की ओर आ रहे एक टाटा इंट्रा पिकअप वाहन को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक वाहन चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेजी से भगाते हुए पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया और गौरधनपुर-खानपुर रोड की ओर फरार हो गया। पुलिस ने तत्काल इसकी सूचना प्रसारित करते हुए पीछा शुरू किया।

इसके बाद ग्राम धर्मुपुर श्मशान घाट के पास आरोपी ने खुद को पुलिस से घिरता देख वाहन सड़क किनारे छोड़ दिया और गन्ने के खेतों में भाग गया। पुलिस के अनुसार खेत में छिपे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी लक्सर और इसके बाद रुड़की भेजा गया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर टाटा इंट्रा पिकअप वाहन की सीट के नीचे से मंदिर से चोरी किए गए 3,660 रुपये बरामद किए। इसके अलावा ताला तोड़ने में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद हुई। आरोपी की पहचान आरिफ पुत्र खलील, निवासी टोडा जलालपुर, उम्र करीब 34 वर्ष, कोतवाली सिविल लाइन रुड़की, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ हरिद्वार जनपद के अलावा उत्तर प्रदेश के सहारनपुर और पुरकाजी थाना क्षेत्रों में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामले दर्ज बताए गए हैं। खानपुर पुलिस ने मुठभेड़ के संबंध में भी मुकदमा दर्ज किया है।

बरामदगी में 315 बोर का एक तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त नीले रंग का टाटा इंट्रा पिकअप वाहन संख्या UK14CA-5281, चोरी की 3,660 रुपये की नकदी और लोहे की रॉड शामिल है।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक गोविंद कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय पूनिया, उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी गोवर्धनपुर कमलकांत रतूड़ी, अपर उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह बिष्ट, कांस्टेबल दीपक भारती, अशोक कुमार, सुखविंदर सिंह, महावीर सिंह, सुमित सिंह तथा सीआईयू रुड़की के कांस्टेबल महिपाल सिंह शामिल रहे।

You cannot copy content of this page