कप्तान साहब हरिद्वार में कौन बेच रहा कट्टे? वर्ष 2025 में अपराधियों से 195 अवैध तमंचे बरामद, सप्लायर अब भी पकड़ से दूर

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस की ओर से अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियानों के तहत वर्ष 2025 में बड़ी संख्या में अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गिरफ्तार किए गए अपराधियों के कब्जे से करीब 195 अवैध कट्टे (तमंचे) बरामद किए गए। हालांकि इन बरामदगियों के बीच एक बड़ा सवाल अब भी खड़ा है कि आखिरकार जिले में इतनी बड़ी संख्या में अवैध हथियार पहुंच कहां से रहे हैं और इन्हें अपराधियों तक पहुंचाने वाले सप्लायर कौन हैं?
पुलिस की ओर से समय-समय पर की गई कार्रवाई में कई बदमाशों, लुटेरों, वाहन चोरों और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से बरामद हथियारों ने जिले में सक्रिय अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क की ओर संकेत किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार वर्ष 2025 में सबसे अधिक 30 अवैध कट्टे लक्सर क्षेत्र से बरामद किए गए। इसके अलावा मंगलौर क्षेत्र से 28, गंगनहर से 18, रानीपुर और पथरी क्षेत्र से 16-16 तथा बहादराबाद क्षेत्र से 14 अवैध कट्टे बरामद किए गए। अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस ने कई हथियार जब्त किए हैं, जिससे कुल बरामदगी का आंकड़ा 195 तक पहुंच गया।
हालांकि पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों पर शिकंजा जरूर कस रहा है, लेकिन अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क तक पहुंचने में अब तक कोई बड़ी सफलता सामने नहीं आई है। जानकारों का मानना है कि जब तक हथियार उपलब्ध कराने वाले स्रोतों और तस्करी चैनल पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक अवैध हथियारों का कारोबार पूरी तरह समाप्त नहीं किया जा सकता।
कानून व्यवस्था के लिहाज से यह एक गंभीर विषय है। आम लोगों के बीच भी यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में बरामद हो रहे अवैध हथियार किस रास्ते से जिले में पहुंच रहे हैं। अब निगाहें हरिद्वार पुलिस और खुफिया एजेंसियों पर हैं कि वे इस अवैध हथियार तस्करी की अंतिम कड़ी तक पहुंचकर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कब तक कर पाती हैं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







