नाना-नानी के साथ पांच साल के मासूम की मौत, ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई स्कूटी

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी सवार दंपति और उनके साथ बैठा पांच वर्षीय मासूम मौके पर ही दम तोड़ गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, श्यामपुर थाना क्षेत्र के कांगड़ी फ्लाईओवर के पास देर रात एक स्कूटी सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार तीनों लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

हादसे में 53 वर्षीय वीर सिंह, उनकी 50 वर्षीय पत्नी मंजू तथा उनके साथ मौजूद 5 वर्षीय मासूम शिव सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक दंपति बच्चे के नाना-नानी थे और तीनों किसी कार्य से जा रहे थे।

सूचना मिलते ही श्यामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कूटी सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकराई, हालांकि दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप खड़ी थी या नहीं।

इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतकों के गांव और परिजनों में मातम पसरा हुआ है। एक साथ तीन लोगों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

You cannot copy content of this page