हरिद्वार नगर निगम को मिला धमकी भरा ईमेल, बम धमाके की चेतावनी से मचा हड़कंप

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार नगर निगम को एक धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। ईमेल में बम धमाके की धमकी दी गई है, जिसके बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम परिसर, मेयर कार्यालय और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर निगम के आधिकारिक ईमेल पर भेजे गए धमकी भरे संदेश में हरिद्वार के साथ-साथ ऋषिकेश, केदारनाथ और बद्रीनाथ समेत कई महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों का भी उल्लेख किया गया है। ईमेल में संभावित धमाकों की चेतावनी दिए जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस, खुफिया विभाग और बम निरोधक दस्ते की टीमें सक्रिय हो गईं। नगर निगम कार्यालय और मेयर कार्यालय में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। सुरक्षा के मद्देनजर परिसर में आने-जाने वाले लोगों की जांच की गई तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार धमकी भरे ईमेल की सत्यता की जांच की जा रही है। ईमेल किस स्थान और किस व्यक्ति द्वारा भेजा गया, इसका पता लगाने के लिए साइबर विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। साथ ही संबंधित एजेंसियां तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ईमेल के स्रोत तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। फिलहाल सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त कर दिया गया है तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। हालांकि धमकी को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने के मूड में नहीं हैं।

You cannot copy content of this page