झबरेड़ा थानाध्यक्ष ने चार्ज संभालते ही दिखाया एक्शन, बहन और उसके प्रेमी के हत्यारे को मुठभेड़ में दबोचा, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

-झबरेड़ी कलां में दोहरे हत्याकांड के बाद था फरार, चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

खबर डोज, हरिद्वार। झबरेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम झबरेड़ी कलां में हुए दोहरे हत्याकांड के वांछित आरोपी अमन उर्फ भरोसी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपनी बहन रुपा और उसके कथित प्रेमी सूरज उर्फ मुन्ना की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार 26 सितंबर 2026 को ग्राम झबरेड़ी कलां में अमन उर्फ भरोसी पुत्र रामकुमार ने अपनी बहन रुपा और सूरज उर्फ मुन्ना पुत्र अशोक, उम्र करीब 18 वर्ष, को तमंचे से गोली मार दी थी। घटना में दोनों की मौत हो गई थी। मृतक सूरज के पिता अशोक पुत्र चत्तर सिंह की तहरीर पर कोतवाली झबरेड़ा में बीएनएस के तहत आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि अमन उर्फ भरोसी अपने गांव की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम नहर पुल पिकेट के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति तेज गति से आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया तो पुलिस के मुताबिक उसने टीम पर फायरिंग कर दी और ग्राम बूढ़पुर पाल बस्ती की ओर जाने वाले मार्ग पर भागने लगा। पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने दोबारा पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस के अनुसार आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए राजकीय अस्पताल हरिद्वार में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपनी बहन और सूरज के बीच कथित प्रेम प्रसंग से परिवार की बदनामी होने की बात को लेकर दोनों की हत्या करने की बात स्वीकार की है।

मुठभेड़ के संबंध में कोतवाली झबरेड़ा में बीएनएस और आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की हीरो होंडा मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

आरोपी की पहचान अमन उर्फ भरोसी पुत्र रामकुमार, निवासी ग्राम झबरेड़ी कलां, थाना झबरेड़ा, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।

You cannot copy content of this page