कुंभ निर्माण कार्यों पर बढ़ी नाराजगी, भाजपा पार्षद के बाद अब यूकेडी का हल्ला बोल, अपर मेलाधिकारी का किया घेराव, देखिए वीडियो

-मेला नियंत्रण भवन में यूकेडी कार्यकर्ताओं ने सौंपा ज्ञापन, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सरकारी धन के सदुपयोग पर उठाए सवाल
खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार में कुंभ-2027 की तैयारियों के बीच निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। भाजपा पार्षद के बाद निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मेला नियंत्रण भवन पहुंचकर अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती का घेराव किया। यूकेडी जिलाध्यक्ष गोकुल सिंह रावत के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने और सरकारी धन के उचित उपयोग की मांग उठाई। इस संबंध में उन्होंने अपर मेलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा।
यूकेडी जिलाध्यक्ष गोकुल सिंह रावत ने कहा कि कुंभ-2027 उत्तराखंड की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान से जुड़ा एक महत्वपूर्ण आयोजन है। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना के मद्देनजर कुंभ की तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता होने या अनियमितताएं सामने आने से न केवल सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका पैदा होती है, बल्कि प्रदेश की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
उन्होंने मांग की कि कुंभ मेले के अंतर्गत कराए जा रहे निर्माण कार्यों की नियमित गुणवत्ता जांच की जाए और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे कराए जाएं। साथ ही निर्माण कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए अनियमितताओं की आशंकाओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
रावत ने कहा कि कुंभ जैसे बड़े आयोजन में जनता के धन का सदुपयोग सुनिश्चित करना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। निर्माण कार्य केवल समय पर पूरे होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी गुणवत्ता और उपयोगिता भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बेहतर व्यवस्थाएं ही श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक अनुभव प्रदान कर सकती हैं।
यूकेडी कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों से ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की। दल ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर उसकी आवाज आगे भी उठती रहेगी।
इस दौरान जिलाध्यक्ष गोकुल सिंह रावत के साथ रवि जैन, जसवंत बिष्ट, अरविंद रावत, सिद्धांत बिष्ट, प्रसन्न झा, मोहित चौहान, अमरजीत, केवल सिंह रावत, अनिल सिंह रावत, विक्रम गोस्वामी, उदित भारद्वाज, निशांत कुमार, अम्बर चौहान, गिरीश राणा, दिव्यांशु, सोमवीर, शुभम, मनीष धीमान, अक्षय, अमरदीप और अमित सैनी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें








