कलेक्ट्रेट में कांग्रेस नेताओं के काफिले में विवाद, तू-तड़ाक के बाद बढ़ा मामला, अधिवक्ताओं से कहासुनी के बाद ड्राइवर को थप्पड़

-रास्ते में गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुआ विवाद, कांग्रेस नेताओं ने अधिवक्ताओं से माफी मांगकर कराया शांत
खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को ज्ञापन देने पहुंचे कांग्रेस नेताओं के साथ आए वाहन को रास्ते में खड़ा करने को लेकर अधिवक्ताओं और वाहन चालक के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला कहासुनी से बढ़कर हाथापाई तक पहुंच गया। इस दौरान एक युवा अधिवक्ता द्वारा वाहन चालक को थप्पड़ मारने की बात सामने आई है। घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
जानकारी के अनुसार कांग्रेस नेता एवं लोकसभा प्रत्याशी रहे वीरेंद्र सिंह रावत कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देने पहुंचे थे। इसी दौरान उनके साथ आए वाहन के चालक ने कचहरी परिसर में रास्ते में गाड़ी खड़ी कर दी। बताया जा रहा है कि रास्ता बाधित होने को लेकर वहां मौजूद अधिवक्ताओं ने वाहन हटाने के लिए कहा।
इसी बात को लेकर वाहन चालक और अधिवक्ताओं के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि बातचीत के दौरान चालक की ओर से अधिवक्ताओं के साथ तू-तड़ाक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। मामला बढ़ने पर एक युवा अधिवक्ता ने चालक को थप्पड़ जड़ दिया।
इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया। विवाद बढ़ता देख कांग्रेस नेताओं ने अधिवक्ताओं से माफी मांगते हुए मामला शांत कराया। कुछ देर बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
घटना के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। हालांकि बाद में समझौता होने के बाद मामला आगे नहीं बढ़ा। घटना को लेकर कचहरी परिसर में काफी देर तक चर्चाओं का दौर चलता रहा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें






तमंचे के बल पर बाइक और मोबाइल लूट का सिडकुल पुलिस ने किया खुलासा, रायपुर में महिला के अपहरण के मामले से भी जुड़े आरोपियों के तार, देखिए वीडियो 