हरिद्वार पुलिस कार्यालय में महिला कांस्टेबल से छेड़छाड़ का आरोप, होमगार्ड के खिलाफ सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज

ख़बर शेयर करें -

-महिला कांस्टेबल की शिकायत पर एसएसपी के निर्देश से सिडकुल पुलिस ने शुरू की जांच, कार्यालय से लेकर रास्ते तक परेशान करने का आरोप

खबर डोज, हरिद्वार। रोशनाबाद स्थित पुलिस कार्यालय में तैनात एक महिला कांस्टेबल ने कार्यालय में नियुक्त होमगार्ड पर पीछा करने, परेशान करने और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। महिला कांस्टेबल की शिकायत के बाद एसएसपी के निर्देश पर सिडकुल थाना पुलिस ने आरोपी होमगार्ड के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, महिला कांस्टेबल ने अपनी शिकायत में बताया कि वाचक कार्यालय में नियुक्त होमगार्ड कुलदीप आए दिन उसे परेशान करता था। महिला कांस्टेबल का आरोप है कि उसने कई बार होमगार्ड को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी हरकतों में कोई बदलाव नहीं आया।

शिकायत के मुताबिक, महिला कांस्टेबल जहां भी जाती थी, होमगार्ड उसका पीछा करने लगता था और व्हाट्सऐप पर लगातार संदेश भेजकर उसे परेशान करता था। महिला कांस्टेबल ने बताया कि 22 सितंबर को वह सरकारी कार्य से डीएम कार्यालय स्थित पोस्ट ऑफिस गई थी। आरोप है कि होमगार्ड उसका पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गया और उसका हाथ पकड़कर उसके साथ बदसलूकी करने लगा।

इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने महिला कांस्टेबल से परेशानी के बारे में पूछा। व्यक्ति के पहुंचते ही आरोपी होमगार्ड उसका हाथ छोड़कर वहां से चला गया। इसके बाद महिला कांस्टेबल वापस लौट आई।

महिला कांस्टेबल ने मामले की शिकायत एसएसपी से की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने सिडकुल थाना पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी होमगार्ड के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

सिडकुल पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े तथ्यों, आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

You cannot copy content of this page