मृतक पत्रकार के आश्रित को पत्रकार कल्याण कोष से मिला पांच लाख का सहायता चेक

–मुख्यमंत्री के निर्देश पर उपलब्ध कराई गई आर्थिक सहायता, जिला सूचना अधिकारी व प्रेस क्लब अध्यक्ष ने सौंपा चेक
खबर डोज, हरिद्वार। पत्रकार कल्याण कोष के तहत मृतक पत्रकार के आश्रित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। मंगलवार को मृतक पत्रकार महेंद्र कुमार वर्मा की पत्नी विमला देवी को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा गया। यह सहायता मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार पत्रकार कल्याण कोष (कॉरपस फंड) से उपलब्ध कराई गई है।
सहायता राशि का चेक जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, पत्रकार कल्याण कोष समिति की सदस्य शशि शर्मा, अमित शर्मा तथा प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने संयुक्त रूप से विमला देवी को प्रदान किया।
इस दौरान जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से पत्रकार कल्याण कोष के माध्यम से जरूरतमंद पत्रकारों और उनके परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारी से पीड़ित सक्रिय पत्रकारों, आर्थिक रूप से कमजोर पत्रकारों तथा मृतक पत्रकारों के आश्रितों को इस योजना का लाभ दिया जा रहा है। पत्रकारों और उनके परिवारों के हित में संचालित यह व्यवस्था कठिन परिस्थितियों में महत्वपूर्ण सहारा उपलब्ध करा रही है।
पत्रकार कल्याण कोष समिति की सदस्य शशि शर्मा और अमित शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों तथा सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की पहल से पत्रकारों एवं उनके आश्रितों को आवश्यकता के अनुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के परिवारों के लिए इस प्रकार की सहायता सामाजिक सुरक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर पत्रकार बाल कृष्ण शर्मा, श्रवण कुमार अरोड़ा सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







कांगड़ी में श्यामपुर पुलिस ने दो किलो गांजा समेत गिरफ्तार किया तस्कर, देखिए वीडियो