कप्तान नवनीत भुल्लर के दिशा-निर्देशन में पुलिस टीम हुई तैयार तो गंगनहर में बिना लाइसेंस के चलता मिला हुक्का बार, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

कर्मचारियों का भी नहीं कराया गया था सत्यापन, एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर होटल-ढाबों में औचक चेकिंग अभियान

खबर डोज, हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, कैफे और बार समेत अन्य प्रतिष्ठानों में औचक चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत कोतवाली गंगनहर पुलिस ने क्षेत्र में संचालित एक हुक्का बार की जांच की। पुलिस की जांच में सामने आया कि कथित हुक्का बार बिना वैध लाइसेंस के संचालित किया जा रहा था। इसके साथ ही वहां काम करने वाले कर्मचारियों का भी सत्यापन नहीं कराया गया था।

गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रतिष्ठान के संचालन से संबंधित दस्तावेज और रिकॉर्ड खंगाले। जांच के दौरान बार संचालन के लिए आवश्यक वैध लाइसेंस नहीं पाया गया। वहीं संचालक की ओर से बिना पुलिस सत्यापन के कर्मचारियों को काम पर रखा गया था। प्रतिष्ठान में रखे गए डिजाइनर हुक्के भी पुलिस की जांच के दायरे में आए।

पुलिस ने मामले में संचालक फहीम कुरेशी पुत्र तस्लीम कुरेशी, निवासी रामपुर चुंगी के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए ₹10,000 का चालान किया। पुलिस ने संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना वैध लाइसेंस के हुक्का बार अथवा अन्य बार का संचालन न किया जाए। साथ ही किसी भी कर्मचारी को रखने से पहले उसका नियमानुसार पुलिस सत्यापन कराया जाए।

चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने होटल, ढाबा, बार और अन्य प्रतिष्ठान संचालकों को भी चेतावनी दी कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी व्यक्ति को ठहराने या बिना सत्यापन कर्मचारी रखने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे और अन्य सुरक्षा उपकरण चालू हालत में रखने के निर्देश भी दिए।

पुलिस ने एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर अच्छी गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रतिष्ठानों की लगातार निगरानी की जाएगी और भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

You cannot copy content of this page