वाहन चोरी करने वाले गिरोह का सिडकुल पुलिस ने किया पर्दाफाश, 9 दोपहिया वाहन और एक बाइक के पार्ट्स बरामद, देखिए वीडियो

–चेकिंग के दौरान बाइक सवार संदिग्ध को दबोचा, पूछताछ में चोरी की वारदातों का हुआ खुलासा, बंद पड़ी फैक्ट्री में छिपा रखे थे वाहन
खबर डोज, हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिडकुल पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बंद पड़ी फैक्ट्री के अंदर झाड़ियों के बीच छिपाकर रखे गए 09 मोटरसाइकिल और एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर सिडकुल, रानीपुर और बहादराबाद क्षेत्र से वाहन चोरी करने की बात कबूल की है।
सिडकुल कोतवाली में मामले का खुलासा करते हुए एसपी क्राइम निशा यादव ने कहा कि बीते रोज 14 सितंबर 2026 को सिडकुल पुलिस क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पॉलिटेक्निक की ओर से एक बाइक सवार को पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर बाइक सवार ने भागने का प्रयास किया, लेकिन बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
पूछताछ और बाइक के इंजन नंबर व चेसिस नंबर की जांच की गई तो सामने आया कि उक्त बाइक चोरी से संबंधित मुकदमे में दर्ज है। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर कई स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी की हैं और चोरी के वाहनों को बंद पड़ी पुरानी फैक्ट्री के अंदर झाड़ियों के बीच छिपाकर रखा गया है।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली तो वहां से कुल 08 मोटरसाइकिल और एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद हुए। बरामद बाइक को भी शामिल करने पर पुलिस ने कुल 09 मोटरसाइकिल और एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए।
सिटी एरिया को बनाया था टारगेट
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और उसका साथी सिडकुल, रानीपुर तथा बहादराबाद क्षेत्र में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस अब गिरोह में शामिल अन्य आरोपी की तलाश में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्रवण पुत्र रमेश, निवासी ग्राम दौलतपुर, थाना बहादराबाद, जनपद हरिद्वार, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है।
कई मुकदमों में वांछित है आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ हरिद्वार और देहरादून में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ कोतवाली लक्सर में गैंगस्टर एक्ट समेत दो मुकदमे तथा थाना डोईवाला, देहरादून में चार मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सिडकुल पुलिस ने बरामद वाहनों के संबंध में संबंधित थानों से भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बरामद वाहन किन-किन मुकदमों से संबंधित हैं। वहीं फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक श्रवण बिष्ट, उपनिरीक्षक अनिल कुमार सेनी, हेड कांस्टेबल जितेंद्र मालिक, हेड कांस्टेबल संजय, हेड कांस्टेबल मोहन राणा, कांस्टेबल प्रमोद गोस्वामी, कांस्टेबल रितेंद्र नेगी और होमगार्ड आसफाक मालिक शामिल रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें






कांगड़ी में श्यामपुर पुलिस ने दो किलो गांजा समेत गिरफ्तार किया तस्कर, देखिए वीडियो 