रावली महदूद में दो पक्षों में विवाद, चले उस्तरे, एक घायल, छह हिरासत में

खबर डोज, हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद में पड़ोस में रहने वाले दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। विवाद के दौरान उस्तरा चलने से एक युवक के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस सभी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है।
सिडकुल थानाध्यक्ष अजय शाह के अनुसार, रावली महदूद निवासी अजुल (18), रिजवान (25) और कुर्बान (48) एक पक्ष में हैं, जबकि दूसरे पक्ष में अनस (22), मुजमील (23) और फैजल (18) शामिल हैं। दोनों पक्ष एक-दूसरे के पड़ोसी बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते विवाद और मारपीट में बदल गई। इसी दौरान उस्तरे से वार किए जाने की बात सामने आई है। घटना में एक युवक घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
स्थानीय स्तर पर विवाद के पीछे मुखबिरी किए जाने के शक की बात सामने आ रही है। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और हमले में किसकी भूमिका रही, इसका स्पष्ट पता पुलिस की जांच के बाद ही चल सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही सिडकुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, शांति व्यवस्था बनाए रखने और विवाद को आगे बढ़ने से रोकने के लिए दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने हिरासत में लिए गए सभी छह लोगों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







