चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लेने हरकी पैड़ी पहुंचे जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, अधिकारियों को दिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश

खबर डोज, हरिद्वार। चारधाम यात्रा के चरम पर पहुंचने और तीर्थयात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित रविवार को हरकी पैड़ी पहुंचे और वहां चारधाम यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी यात्री को अनावश्यक परेशानी या असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने यात्रा व्यवस्थाओं से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी स्थान पर अनियंत्रित भीड़ एकत्र न होने दी जाए। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे तथा जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लगातार निगरानी बनाए रखने और आवश्यकतानुसार त्वरित निर्णय लेने के भी निर्देश दिए।
वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर भी चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। पुलिस एवं सुरक्षा बलों को यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
प्रशासन का कहना है कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







