लगातार बारिश पर डीएम मयूर दीक्षित अलर्ट, अधिकारियों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश, श्रद्धालुओं और नदी किनारे रहने वालों से सावधानी बरतने की अपील

खबर डोज, हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागीय अधिकारियों और प्रशासनिक अमले को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बारिश के दौरान किसी भी प्रकार की आपदा, जलभराव, सड़क बाधित होने या अन्य आकस्मिक स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाए, ताकि जनहानि और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम रखा जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है, वहां संबंधित विभाग तत्काल प्रभाव से जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करें, जिससे आमजन और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि यदि लगातार बारिश के कारण किसी सरकारी अथवा निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचता है तो उसका तत्काल आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट जिला आपदा कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे रहें।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने हरिद्वार आने वाले कांवड़ यात्रियों, श्रद्धालुओं और शिवभक्तों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि गंगा घाटों और नदी तटों पर अनावश्यक रूप से न जाएं, तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें तथा प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। किसी भी प्रकार का जोखिम उठाने से बचें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
इसके अलावा नदी किनारे रहने वाले लोगों से भी बढ़ते जलस्तर को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि अनावश्यक रूप से नदी के समीप न जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित, प्रभावी एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे जनपद में राहत एवं बचाव कार्य बिना किसी विलंब के संचालित हो सकें और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







