प्रेम प्रसंग बना खूनी अंजाम: बहादराबाद पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर केस का किया खुलासा, प्रेमी गिरफ्तार, गला दबाकर हत्या के बाद शव गंगनहर में फेंका

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार की कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का सफल खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार प्रेम प्रसंग, ब्लैकमेल और आपसी विवाद के चलते आरोपी ने अपनी प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गंगनहर में फेंक दिया। मामले में मृतका का मोबाइल फोन और आधार कार्ड भी बरामद कर लिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में गठित विशेष पुलिस टीम ने इस जटिल मामले का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक 24 जुलाई 2026 को ग्राम अलीपुर निवासी मोमिन पुत्र हमीद ने कोतवाली बहादराबाद में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री शहनुमा की हत्या गांव के ही नावेद पुत्र रियासत और उसके परिजनों द्वारा की गई है। शिकायत के आधार पर थाना बहादराबाद में मुकदमा संख्या 248/2026 धारा 103(1) एवं 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए प्रभारी निरीक्षक बहादराबाद के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। घटना के बाद मुख्य आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने उसके परिजनों और अन्य संदिग्धों से पूछताछ की, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। मृतका का शव भी बरामद नहीं हुआ था, जिससे जांच और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गई।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के आधार पर 27 जुलाई को सूचना मिलने पर मंगलौर क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर चंदनपुर से आरोपी नावेद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की पूरी कहानी पुलिस को बताई।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि उसका मृतका शहनुमा के साथ प्रेम संबंध था। समय के साथ दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे। आरोपी का कहना है कि एक पारिवारिक समारोह में शहनुमा के अन्य युवकों के साथ डीजे पर डांस करने को लेकर दोनों में विवाद हुआ। इसके बाद मृतका कथित रूप से उसे विभिन्न मामलों में फंसाने, उसकी मां और बहन को अपशब्द कहने तथा निजी तस्वीरें और अन्य मामलों को लेकर ब्लैकमेल करने की धमकी देने लगी। इसी विवाद के चलते उसने हत्या की योजना बनाई।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह शहनुमा को कलियर ले गया, जहां दोनों एक होटल में रुके। अगले दिन तड़के वह उसे सुनसान क्षेत्र में ले गया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को गंगनहर में फेंक दिया और गांव लौटकर सामान्य जीवन जीने का प्रयास करता रहा।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नावेद पुत्र रियासत (28 वर्ष), निवासी ग्राम अलीपुर, कोतवाली बहादराबाद, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।
इस पूरे खुलासे में वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज गैरोला, उपनिरीक्षक विकास रावत, उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज, कांस्टेबल बलवंत सिंह, अरुण चमोली, विकास थापा, सतेंद्र चौधरी तथा सीआईयू के कांस्टेबल वसीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







