डीएम मयूर दीक्षित के स्वच्छता अभियान ने पकड़ी रफ्तार, 1000 टन सूखे कूड़े का निस्तारण, 300 शिकायतों का समाधान

खबर डोज, हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद हरिद्वार में चलाया जा रहा विशेष स्वच्छता अभियान अब जमीनी स्तर पर प्रभाव दिखाने लगा है। शहरी क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक व्यापक स्तर पर सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं।
प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के तहत एकत्रित किए गए सूखे और गीले कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा रहा है। जिला पंचायत के माध्यम से विकासखंड स्तर पर स्थापित प्लास्टिक वेस्ट कॉम्पैक्टरों की सहायता से अब तक करीब 1000 टन सूखे कूड़े का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है। इस प्रक्रिया में प्लास्टिक के बेल्स (Bales) तैयार किए गए हैं, जिनका उपयोग आगे रीसाइक्लिंग के लिए किया जाएगा।
प्रशासन के अनुसार प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट योजना के तहत सभी कॉम्पैक्टरों का संचालन जिला पंचायत अपनी निधि से कर रही है। वहीं स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत विकासखंडों को उपलब्ध कराए गए कूड़ा वाहनों का संचालन क्षेत्र पंचायत विकास निधि से किया जा रहा है, जिससे कूड़ा संग्रहण और निस्तारण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया गया है।
स्वच्छता अभियान को जनसहभागिता से जोड़ने के लिए स्थापित स्वच्छता कंट्रोल रूम भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कंट्रोल रूम पर प्राप्त शिकायतों और सुझावों का त्वरित संज्ञान लेते हुए अब तक लगभग 300 शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण संबंधित विभागों के माध्यम से कराया जा चुका है।
स्वच्छता अभियान के नोडल अधिकारी चंद्रकांत मणि त्रिपाठी ने बताया कि मानसून से पहले संभावित जलभराव की समस्या से निपटने के लिए पंचायतीराज विभाग ने सभी ग्राम पंचायतों में नालियों और नालों की सफाई के लिए रोस्टर तैयार कर कार्य शुरू कर दिया है। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, नगर पालिकाएं, नगर पंचायतें तथा खंड विकास अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटे हुए हैं।
जिला प्रशासन का मानना है कि स्वच्छता को लेकर अपनाई गई यह समन्वित और सक्रिय कार्यप्रणाली न केवल पर्यावरण संरक्षण को मजबूती दे रही है, बल्कि आमजन को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
प्रशासन ने लोगों से भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की है, ताकि हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर बनाने का लक्ष्य सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सके।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







