देहरादून में परिवहन विभाग का देर रात सघन अभियान, 42 वाहनों के चालान, 10 वाहन सीज, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, देहरादून। सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने देहरादून में देर रात सघन प्रवर्तन एवं चेकिंग अभियान चलाते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 42 वाहनों के चालान किए गए, जबकि विभिन्न अभियोगों में 10 वाहनों को सीज कर दिया गया।

आरटीओ प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा देहरादून डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में 29/30 मई 2026 की रात्रि को चलाए गए इस विशेष अभियान में एआरटीओ प्रवर्तन देहरादून, एआरटीओ विकासनगर तथा इंटरसेप्टर दल ने संयुक्त रूप से भाग लिया। टीमों ने आईएसबीटी, बल्लूपुर चौराहा, ट्रांसपोर्ट नगर और आशारोड़ी सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर वाहनों की सघन जांच की।

परिवहन विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाना, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम करना तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना था। चेकिंग के दौरान बिना फिटनेस संचालित वाहनों, शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों, ओवरलोड वाहनों तथा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ब्ला-ब्ला और रैपिडो के माध्यम से निजी वाहनों के व्यावसायिक उपयोग पर विशेष नजर रखी गई।

संयुक्त अभियान के दौरान कुल 42 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 10 वाहनों को सीज किया गया। सीज किए गए वाहनों में बिना फिटनेस संचालित वाहन, शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालक और ओवरलोड वाहन प्रमुख रूप से शामिल रहे।

डॉ. अनीता चमोला ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। उन्होंने कहा कि बिना फिटनेस और ओवरलोड वाहन सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शामिल हैं, इसलिए ऐसे मामलों में परिवहन विभाग शून्य सहनशीलता (जीरो टॉलरेंस) की नीति के तहत सख्त कार्रवाई कर रहा है।

उन्होंने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रवर्तन का विषय नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं, वाहन के आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें तथा किसी भी स्थिति में शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन संचालन न करें।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी ऐसे विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेंगे।

अभियान में एआरटीओ (प्रवर्तन) देहरादून पंकज श्रीवास्तव, एआरटीओ (प्रवर्तन) विकासनगर अनिल सिंह नेगी तथा परिवहन कर अधिकारी श्वेता रौथाण अपनी टीमों के साथ मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page