हरिद्वार: कांवड़ यात्रा से पहले फ्लाईओवर निर्माण की धीमी रफ्तार पर नाराज हुए डीएम, अधिकारियों को लगाई फटकार

खबर डोज, हरिद्वार। आगामी कांवड़ यात्रा को सुव्यवस्थित और बाधारहित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार शाम हरिलोक तिराहा ज्वालापुर और बहादराबाद टोल प्लाजा स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति सामने आने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को कड़ी फटकार लगाई।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले जिन कार्यों को पूरा किया जा सकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि सड़क किनारे पड़ी निर्माण सामग्री और मलबे को तत्काल हटाया जाए, ताकि यात्रियों और कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ काम करने और तय समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही डीएम मयूर दीक्षित ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और जहां संभव हो, रात के समय भी कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं, ऐसे में यातायात व्यवस्था में किसी भी प्रकार की बाधा प्रशासन के लिए चुनौती बन सकती है।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी/सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र कुमार, एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर संतोष कुमार, हिमालयन कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर सुमित कुमार, राजकुमार पांडे और इंजीनियर उत्तम सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन की इस सख्ती के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि फ्लाईओवर निर्माण कार्यों में तेजी आएगी और कांवड़ यात्रा से पहले प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था बेहतर हो सकेगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







