नगर निगम भूमि घोटाला: दिल्ली, हरिद्वार, देहरादून समेत 9 ठिकानों पर विजिलेंस का बड़ा छापा

–आईएएस सहित कई अफसर जांच के दायरे में
खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार नगर निगम भूमि घोटाले की जांच में विजिलेंस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को एक आईएएस अधिकारी समेत कई अधिकारियों और कर्मचारियों के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। मुकदमा दर्ज होने के बाद हुई इस कार्रवाई को जांच का अहम चरण माना जा रहा है। विजिलेंस की अलग-अलग टीमों ने दिल्ली, देहरादून, लखनऊ, प्रयागराज और हरिद्वार सहित कुल नौ स्थानों पर एक साथ दबिश देकर महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जुटाए।
जानकारी के अनुसार, विजिलेंस की टीमें सुबह से ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के आवासों एवं अन्य परिसरों पर पहुंच गई थीं। कई घंटों तक चली इस कार्रवाई के दौरान जमीन से जुड़े दस्तावेज, बैंकिंग और वित्तीय लेनदेन से संबंधित रिकॉर्ड, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों तथा अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने कई दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर उन्हें परीक्षण के लिए सुरक्षित किया है।
सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी भूमि आवंटन, स्वामित्व परिवर्तन, फाइलों के निस्तारण और कथित वित्तीय अनियमितताओं की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। इसके साथ ही डिजिटल डेटा और अन्य साक्ष्यों का फोरेंसिक परीक्षण भी कराया जाएगा, ताकि पूरे प्रकरण की सच्चाई सामने लाई जा सके।
विजिलेंस अधिकारियों के मुताबिक जांच पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है। छापेमारी के दौरान एकत्र किए गए दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड का विस्तृत परीक्षण करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम भूमि घोटाले में विजिलेंस की इस बड़ी कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। पूरे प्रदेश की निगाहें अब जांच की अगली कार्रवाई और विजिलेंस की रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







