महिलाओं को कॉरपोरेट बोर्डरूम तक पहुंचाने की पहल, हरिद्वार में फिक्की फ्लो उत्तराखंड आयोजित करेगा मास्टरक्लास

देहरादून/हरिद्वार। महिलाओं को कॉरपोरेट बोर्डरूम में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के लिए तैयार करने की दिशा में फिक्की फ्लो उत्तराखंड एक महत्वपूर्ण पहल करने जा रहा है। फिक्की फ्लो उत्तराखंड की ओर से 11 जुलाई को हरिद्वार स्थित सेज (SAGE) में ‘बोर्डरूम बियॉन्ड मेट्रोज़– वूमेन ऑन बोर्ड्स: इंडिपेंडेंट डायरेक्टर्स मास्टरक्लास इनिशिएटिव’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम फिक्की फ्लो उत्तराखंड की चेयरपर्सन तृप्ति बहल के नेतृत्व में सोशल सूत्रा कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से आयोजित होगा।
एक दिवसीय इस मास्टरक्लास का उद्देश्य उत्तराखंड सहित गैर-महानगरीय क्षेत्रों की महिलाओं को कॉरपोरेट गवर्नेंस, बोर्ड नेतृत्व और इंडिपेंडेंट डायरेक्टर की भूमिका एवं जिम्मेदारियों से परिचित कराना है, ताकि वे भविष्य में कॉरपोरेट जगत की नेतृत्वकारी जिम्मेदारियों के लिए तैयार हो सकें।
फिक्की फ्लो उत्तराखंड की चेयरपर्सन तृप्ति बहल ने कहा कि महिलाओं में नेतृत्व की अपार क्षमता है और उन्हें निर्णय लेने वाले उच्च पदों पर अधिक अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘बोर्डरूम बियॉन्ड मेट्रोज़’ पहल के माध्यम से उत्तराखंड की महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और नेटवर्किंग का मंच उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ कॉरपोरेट बोर्डरूम में अपनी मजबूत पहचान बना सकें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सीए शेली मोंगा करेंगी। मास्टरक्लास में कॉरपोरेट गवर्नेंस, इंडिपेंडेंट डायरेक्टर की भूमिका, नियामकीय एवं अनुपालन संबंधी प्रावधान, बोर्ड की कार्यप्रणाली, नेतृत्व क्षमता और रणनीतिक निर्णय प्रक्रिया जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ विस्तार से जानकारी देंगे। इसके अलावा प्रतिभागियों को अनुभवी विशेषज्ञों के साथ संवाद, नेटवर्किंग और मेंटरशिप का अवसर भी मिलेगा। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को ‘बोर्डरूम रेडीनेस’ का प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में कॉरपोरेट गवर्नेंस के क्षेत्र के दो प्रतिष्ठित विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे। सीए प्रणव जैन, अन्वेषणा कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड के सह-संस्थापक हैं और कॉरपोरेट गवर्नेंस एवं बोर्ड एडवाइजरी के क्षेत्र में व्यापक अनुभव रखते हैं। वहीं सीए निशा सुयाल अग्रवाल, चार्टर्ड अकाउंटेंट, गवर्नेंस एडवाइजर, ACCA-प्रमाणित IFRS कंसल्टेंट तथा टैक्सपॉइंट ग्रुप की सह-संस्थापक हैं। वे आईआईसीए के इंडिपेंडेंट डायरेक्टर्स डाटाबैंक में पंजीकृत प्रोफेशनल हैं और वित्तीय रिपोर्टिंग, गवर्नेंस तथा रणनीतिक सलाहकारी के क्षेत्र में 16 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं।
इस पहल में अन्वेषणा और टैक्सपॉइंट नॉलेज पार्टनर के रूप में सहयोग कर रहे हैं, जबकि सेज, हरिद्वार कार्यक्रम का वेन्यू एवं हॉस्पिटैलिटी पार्टनर है। फिक्की फ्लो उत्तराखंड का मानना है कि यह मास्टरक्लास उत्तराखंड की महिलाओं को कॉरपोरेट नेतृत्व की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें






जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने हरिद्वार में किया विकास कार्यों का निरीक्षण, गंगा पूजन, रुद्राभिषेक और वृक्षारोपण कर दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश 