कोर्ट फीस के नाम पर रिश्वत मांगना पड़ा भारी, बाजपुर सिविल कोर्ट का नायब नाजिर 3500 रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, बाजपुर (ऊधमसिंह नगर)। उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर स्थित सिविल कोर्ट में तैनात नायब नाजिर ओम चौहान को 3,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी शिकायतकर्ता से कोर्ट फीस के नाम पर रिश्वत की मांग कर रहा था।

सतर्कता अधिष्ठान से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने विजिलेंस की हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी कि सिविल कोर्ट बाजपुर में उसके विरुद्ध परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) के तहत एक वाद विचाराधीन है। दोनों पक्षों के बीच समझौता हो जाने के बाद जब वह राजीनामा दाखिल कराने न्यायालय पहुंचा तो वहां तैनात नायब नाजिर ओम चौहान ने कोर्ट फीस के नाम पर 3,500 रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था और उसने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

शिकायत का सत्यापन किए जाने पर आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी की ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने बुधवार को बाजपुर स्थित सिविल जज (जूनियर डिवीजन) न्यायालय परिसर में जाल बिछाकर कार्रवाई की और आरोपी ओम चौहान, निवासी ग्राम निवाड़मुंडी, जनपद ऊधमसिंह नगर, को शिकायतकर्ता से 3,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

सतर्कता अधिष्ठान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने सफल ट्रैप कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम की सराहना करते हुए उसे नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने आम जनता से भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की शिकायत सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 तथा व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दर्ज कराने की अपील की है।

You cannot copy content of this page