हरिद्वार में गैंगरेप और लूटकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, तमंचा, चाकू, बाइक और लूटे गए झुमके बरामद

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने थाना पथरी क्षेत्र में महिला के साथ गैंगरेप और लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त अवैध तमंचा, चाकू, मोटरसाइकिल, लूटे गए झुमके तथा मोबाइल फोन के टूटे हुए हिस्से और बैटरी भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 की रात थाना पथरी क्षेत्र में एक महिला अपने बच्चे के साथ घर पर मौजूद थी। आरोप है कि चार युवक तमंचे के बल पर घर में घुस गए और महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद उसके कानों से झुमके लूटकर फरार हो गए। अगले दिन 8 जुलाई को पीड़िता की तहरीर पर थाना पथरी में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर थाना पथरी पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण, आसपास के लोगों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई।

14 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पथरी जंगल के पास से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। बरामद साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मुकदमे में अन्य धाराओं की भी बढ़ोतरी की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम (24), शेखर (22) और अरुण (23) निवासी ग्राम दुर्गागढ़, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार तथा विकास (25) निवासी ग्राम महाखड़ी, थाना स्याना, जनपद बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक चाकू, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, पीड़िता से लूटे गए एक जोड़ी झुमके और मोबाइल फोन के टूटे हुए पार्ट्स व बैटरी बरामद की है।

थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक उपेन्द्र सिंह, चौकी प्रभारी फेरूपुर उपनिरीक्षक विपिन कुमार, उपनिरीक्षक बबलू चौहान, महिला उपनिरीक्षक शाहिदा परवीन सहित पुलिस टीम ने इस मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।

You cannot copy content of this page