हरिद्वार में विकलांग तस्कर निकला गांजा सप्लायर, स्कूटी से कर रहा था नशे की तस्करी, 1.488 किलो गांजा बरामद

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बहादराबाद क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक विकलांग युवक को 1 किलो 488 ग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी स्कूटी के जरिए गांजे की सप्लाई करने जा रहा था, जिसे पुलिस ने नहर पटरी रोड स्थित पुराने पावर हाउस के आगे पुलिया के पास दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान उस्मान पुत्र नूर अहमद, निवासी लादपुर कलां, लक्सर के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 488 ग्राम अवैध गांजा तथा तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी (UK08BC-4248) बरामद की गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस आरोपी से गांजे के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
बहादराबाद पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में नशे के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मामले की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







