डॉक्टर डे पर आईएमए हरिद्वार का भव्य समारोह, प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी समेत वरिष्ठ चिकित्सकों और समाज की विभूतियों का हुआ सम्मान

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) हरिद्वार द्वारा राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर एक स्थानीय होटल में गरिमामय एवं भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले वरिष्ठ चिकित्सकों, समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों तथा चिकित्सक परिवारों के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान चिकित्सकों की सुरक्षा, निजी अस्पतालों में हो रही तोड़फोड़ की घटनाओं और गैर-सरकारी चिकित्सकों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता आईएमए हरिद्वार के अध्यक्ष डॉ. विपिन मेहरा ने की, जबकि संचालन आईएमए के कोषाध्यक्ष डॉ. आर.के. सिंघल ने किया। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं महान चिकित्सक, स्वतंत्रता सेनानी तथा पश्चिम बंगाल के द्वितीय मुख्यमंत्री डॉ. बिधान चंद्र राय के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। वक्ताओं ने चिकित्सक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज के प्रति डॉक्टरों की सेवा, समर्पण और नैतिक दायित्वों को रेखांकित किया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने कहा कि चिकित्सक दिवस समाज के प्रति डॉक्टरों की निस्वार्थ सेवा और करुणा को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने आईएमए हरिद्वार की सराहना करते हुए कहा कि संगठन चिकित्सकों को मानव सेवा के लिए लगातार प्रेरित कर रहा है। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन चिकित्सकों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।

मुख्य अतिथि एवं आईएमए उत्तराखंड के प्रदेश सचिव डॉ. डी.डी. चौधरी ने कहा कि राज्य में गैर-सरकारी चिकित्सकों की समस्याओं की लगातार उपेक्षा हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और प्रशासन को निजी चिकित्सकों की समस्याओं का गंभीरता से समाधान करना चाहिए, अन्यथा स्थिति और अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकती है।

आईएमए हरिद्वार के सचिव डॉ. प्रेम लूथरा ने निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम में बढ़ रही तोड़फोड़ की घटनाओं पर चिंता जताते हुए चिकित्सकों और चिकित्सा संस्थानों को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं होप हॉस्पिटल के संस्थापक एवं निदेशक डॉ. एस.के. मिश्रा ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में तकनीकी और वैज्ञानिक बदलावों से मरीजों को बेहतर उपचार मिल रहा है।

हरिद्वार नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप चौधरी ने कहा कि चिकित्सकों का स्थान भगवान के बाद माना जाता है और कोई भी डॉक्टर अपने मरीज के साथ अनहोनी नहीं चाहता। अस्पतालों में असामाजिक तत्वों द्वारा की जाने वाली तोड़फोड़ बेहद निंदनीय है। उन्होंने सरकार से ऐसे मामलों में सख्त कानून बनाने की मांग की।

समारोह में 30 वर्षों से अधिक समय से उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाएं देने वाले डॉ. बी.के. एंडले, डॉ. तरुण गुप्ता, डॉ. संध्या शर्मा, डॉ. समरजीत चौधरी, डॉ. संजय शाह और डॉ. तीस्ता शाह को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

इसके अलावा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप चौधरी, शिक्षाविद डॉ. करुणा शर्मा, पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी तथा खेल जगत में विशेष योगदान के लिए सुखबीर सिंह को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में चिकित्सक परिवारों के उन प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने कक्षा 10वीं, 12वीं बोर्ड परीक्षाओं एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हरिद्वार और चिकित्सा समुदाय का नाम रोशन किया।

अंत में आईएमए के सचिव डॉ. प्रेम लूथरा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर डॉ. नीता मेहरा, डॉ. विकास दीक्षित, डॉ. अंजुल श्रीमाली, डॉ. अनु लूथरा, डॉ. सुमंतू विरमानी, डॉ. नीता शर्मा, डॉ. मुकेश मिश्रा, डॉ. अंकित देशवाल, डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. अश्वनी चौहान, डॉ. रविकांत शर्मा, डॉ. जसप्रीत सिंह, डॉ. मनप्रीत सिंह, डॉ. देवव्रत साईं, डॉ. अनुपम, डॉ. कल्याणी साईं, डॉ. राधिका नागरथ सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page