निरीक्षक राजेश शाह और प्रदीप पंत बने सीओ, एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने पुलिस उपाधीक्षकों को पहनाए रैंक

खबर डोज, देहरादून। देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने निरीक्षक पद से पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद पर पदोन्नत हुए राजेश साह और प्रदीप पंत को पदोन्नति रैंक अलंकरण कर सम्मानित किया। इस अवसर पर एसएसपी ने दोनों अधिकारियों को नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं देते हुए पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
रैंक अलंकरण समारोह के दौरान एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने कहा कि पदोन्नति किसी भी अधिकारी के उत्कृष्ट कार्य, मेहनत, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का सम्मान होती है। उन्होंने दोनों अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे अपने नए पद की जिम्मेदारियों का पूरी ईमानदारी और पेशेवर दक्षता के साथ निर्वहन करेंगे तथा जनता और पुलिस विभाग के बीच विश्वास को और मजबूत बनाने का कार्य करेंगे।
एसएसपी ने दोनों नवपदोन्नत पुलिस उपाधीक्षकों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे आगे भी इसी तरह मेहनत, लगन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए विभाग का नाम रोशन करें।
समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी दोनों अधिकारियों को पदोन्नति की बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। यह अवसर पुलिस विभाग में उत्कृष्ट सेवा और समर्पण के सम्मान का प्रतीक बना।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







