हरिद्वार में गैस माफिया एक्टिव? वायरल वीडियो ने बढ़ाई प्रशासन की चिंता, डीएसओ ने लिया संज्ञान, गैस कालाबाजारी मामले में जांच तेज, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार में कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में अवैध रिफिलिंग और गैस सप्लाई से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

वीडियो में दावा किया जा रहा है कि एक गैस एजेंसी के कर्मचारी घरेलू गैस सिलेंडरों को होटल और ढाबों तक ऊंचे दामों पर पहुंचा रहे हैं। आरोप है कि जहां एक ओर आम उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर लेने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर कालाबाजारी का खेल खुलेआम जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से न सिर्फ उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है, बल्कि सुरक्षा मानकों की भी अनदेखी की जा रही है। अवैध रिफिलिंग से दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) मुकेश पाल ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है और जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच कराई जाएगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित एजेंसी और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

फिलहाल जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।

You cannot copy content of this page