सनातन संस्कृति पर अभद्र टिप्पणी: भड़का बजरंग वाहिनी दल, सार्वजनिक माफी की मांग

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। सनातन संस्कृति को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों पर अब विवाद तेज हो गया है। बजरंग वाहिनी दल ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित व्यक्ति को चेतावनी जारी की है और सार्वजनिक माफी की मांग की है।

प्रेस क्लब सभागार में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए बजरंग वाहिनी दल के प्रदेश अध्यक्ष आशु मलिक ने भीम आर्मी के महक सिंह की ओर से की गई अभद्र टिप्पणी पर गहरी नाराजगी व्यक्त की गई। कहा कि हाल ही में एक व्यक्ति द्वारा दिए गए बयान न केवल आपत्तिजनक हैं, बल्कि समाज में अनावश्यक तनाव और विवाद को बढ़ावा देने वाले भी हैं।

दल की उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी तनुजा रावत ने कहा कि सनातन संस्कृति भारत की आत्मा है और इसके प्रति किसी भी प्रकार की अभद्र भाषा या टिप्पणी को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अर्थ यह नहीं है कि किसी की धार्मिक आस्था और परंपराओं का अपमान किया जाए।

बजरंग वाहिनी दल ने अपनी मांगों में कहा है कि संबंधित व्यक्ति तुरंत अपने बयान वापस ले और सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की बयानबाजी से बचने की चेतावनी भी दी गई है।

संगठन ने यह भी साफ किया कि यदि समय रहते माफी नहीं मांगी गई, तो वे लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से विरोध प्रदर्शन करेंगे।

अंत में संगठन ने समाज के सभी वर्गों से शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि किसी भी प्रकार की भड़काऊ या विभाजनकारी मानसिकता का विरोध किया जाना चाहिए। फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

You cannot copy content of this page