कांवड़ मेले में आस्था का महासैलाब, पांचवें दिन 32.25 लाख शिवभक्त गंगाजल लेकर हुए रवाना

–अब तक 1.09 करोड़ से अधिक श्रद्धालु हरिद्वार से भर चुके हैं कांवड़, प्रशासन हाई अलर्ट पर
खबर डोज, हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ मेला-2026 पूरे धार्मिक उत्साह और भक्ति के वातावरण में आगे बढ़ रहा है। मेले के पांचवें दिन सोमवार को शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और 32 लाख 25 हजार श्रद्धालु हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या के बीच जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।

मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, कांवड़ यात्रा शुरू होने से अब तक 1 करोड़ 9 लाख 10 हजार शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल भरकर उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब सहित विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। यह आंकड़ा इस वर्ष कांवड़ यात्रा में उमड़ रही आस्था और श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी को दर्शाता है।
श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत किया है। हरकी पैड़ी सहित प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों, पार्किंग स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल, स्वास्थ्य टीमें और अन्य विभागों के अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ 24 घंटे कार्य कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सेवाएं, पेयजल, स्वच्छता और आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि यात्रा के दौरान निर्धारित कांवड़ मार्गों का ही उपयोग करें, प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा अनुशासन बनाए रखते हुए सुरक्षित एवं स्वच्छ कांवड़ यात्रा के संचालन में अपना सहयोग दें।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें




हरिद्वार की ‘ग्रीन चौकी’ बनी पर्यावरण संरक्षण की नई मिसाल, सिंगल यूज प्लास्टिक के बदले दिए जा रहे कम्पोस्टेबल बैग, देखिए वीडियो 

