कांवड़ मेले को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार, श्रद्धालुओं की सेवा में 28 अस्थायी चिकित्सा शिविर और 6 अस्पताल, 304 कर्मचारी रहेंगे तैनात

खबर डोज, हरिद्वार। श्रावण कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मेले के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिलेभर में व्यापक स्वास्थ्य व्यवस्था की गई है। अस्थायी चिकित्सा शिविरों से लेकर मोबाइल मेडिकल यूनिट और अस्पतालों तक स्वास्थ्य सेवाओं का मजबूत नेटवर्क तैयार किया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि कांवड मेले का नोडल अधिकारी डॉ. राजेश गुप्ता को बनाया गया है। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर 28 एमआरपी (अस्थायी चिकित्सा शिविर) स्थापित किए गए हैं। इन शिविरों में चिकित्सक, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स, लैब तकनीशियन एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों सहित कुल 304 कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जो चौबीसों घंटे सेवाएं देंगे।
उन्होंने बताया कि गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए 6 अस्पतालों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों, ऑक्सीजन, आपातकालीन चिकित्सा उपकरणों और चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार दिया जा सके।
इसके अलावा कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए दो मोबाइल मेडिकल यूनिट भी तैनात की जाएंगी। ये यूनिट लगातार विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए जरूरतमंद श्रद्धालुओं को मौके पर ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराएंगी तथा गंभीर स्थिति होने पर मरीजों को नजदीकी अस्पताल तक पहुंचाने में सहायता करेंगी।
सीएमओ डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य कांवड़ मेले के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु को समय पर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, अत्यधिक थकान महसूस होने पर तुरंत निकटतम चिकित्सा शिविर से संपर्क करें और किसी भी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी को नजरअंदाज न करें। विभाग का दावा है कि इस बार कांवड़ मेले के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को पहले से अधिक सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाया गया है, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







