नीलकंठ कांवड़ यात्रा में उत्कृष्ट ड्यूटी निभाने वाले जवान सम्मानित, एसएसपी पौड़ी ने थपथपाई पीठ

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, पौड़ी। नीलकंठ कांवड़ यात्रा महापर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों, होमगार्ड, पीआरडी, एसडीआरएफ और पैरामिलिट्री जवानों के सम्मान में समापन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने कांवड़ मेला ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सम्मानित किया।

एसएसपी ने दिन-रात पूरी निष्ठा, अनुशासन, धैर्य और सेवाभाव के साथ ड्यूटी निभाने वाले पुलिसकर्मियों की पीठ थपथपाई तथा उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नीलकंठ कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस बल के सामने लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की बड़ी जिम्मेदारी थी, जिसे जवानों ने पूरी कर्तव्यनिष्ठा के साथ निभाया।

उन्होंने कहा कि, “नीलकंठ कांवड़ यात्रा में आपने केवल अपनी ड्यूटी नहीं निभाई, बल्कि लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और उनके विश्वास की जिम्मेदारी भी अपने कंधों पर उठाई। भीड़ कितनी भी बड़ी रही हो और परिस्थितियां कितनी भी चुनौतीपूर्ण, आपकी टीम भावना, धैर्य, अनुशासन और अथक मेहनत ने हर चुनौती का सामना किया। इस महापर्व की सफलता पूरी टीम की मेहनत और समर्पण का परिणाम है।”

100 पुलिसकर्मी मोमेंटो देकर सम्मानित

समारोह के दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले करीब 100 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही रिक्रूट कांस्टेबल, होमगार्ड, पीआरडी, एसडीआरएफ तथा पैरामिलिट्री जवानों द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका की भी सराहना की गई।

एसएसपी ने कहा कि कांवड़ मेले जैसी बड़ी और चुनौतीपूर्ण ड्यूटी टीमवर्क का उदाहरण होती है। सभी विभागों और सुरक्षा बलों के आपसी समन्वय एवं सहयोग से यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सफलता मिली।

समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर, क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार, क्षेत्राधिकारी तपेश कुमार, क्षेत्राधिकारी अस्मिता ममगाईं, सीएफओ राजेंद्र खाती सहित विभिन्न जोनल एवं सेक्टर प्रभारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भी कांवड़ मेला ड्यूटी के अपने अनुभव साझा किए और जवानों के अनुशासन एवं समर्पण की सराहना की।

समापन समारोह में जवानों का सम्मान किए जाने से पुलिस बल का मनोबल बढ़ा और सभी ने भविष्य में भी इसी तरह कर्तव्यनिष्ठा एवं सेवाभाव के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

You cannot copy content of this page