खबर डोज की खबर का असर: निगम ने रातों-रात शुरू किया ‘आज का कूड़ा, आज ही साफ’ अभियान, घाटों पर चला विशेष सफाई अभियान, यह हुई थी वीडियो वायरल

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार में कांवड़ मेले के दौरान घाटों पर पन्नियों और कूड़े के ढेर को लेकर खबर डोज द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित खबर का असर देखने को मिला। खबर सामने आने के कुछ ही घंटों बाद नगर निगम हरिद्वार ने रातों-रात “आज का कूड़ा, आज ही साफ” अभियान शुरू कर दिया। अभियान के तहत शहर के प्रमुख घाटों पर प्रतिदिन एकत्र होने वाले कूड़े का उसी दिन रात्रि शिफ्ट में निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि सुबह श्रद्धालुओं को स्वच्छ और साफ-सुथरे घाट मिल सकें।
कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए नगर निगम ने घाटों पर विशेष रात्रिकालीन सफाई अभियान तेज कर दिया है। सफाई टीमें देर रात तक घाटों पर डटी रहीं और पन्नियों सहित अन्य कचरे को एकत्र कर तत्काल उठान कराया गया। इसके साथ ही घाटों की सीढ़ियों, संपर्क मार्गों और आसपास के क्षेत्रों की भी विशेष सफाई कराई गई, जिससे कहीं भी कूड़ा जमा न रहे।
मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा के नेतृत्व में तथा सफाई निरीक्षक अनिल कुमार और विनय कुमार की निगरानी में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया गया। सफाई कर्मियों ने पूरी रात अभियान चलाकर घाटों को साफ-सुथरा बनाने का कार्य किया।
नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य घाटों पर प्रतिदिन निकलने वाले कूड़े का उसी दिन पूर्ण रूप से निस्तारण करना है। उन्होंने बताया कि “आज का कूड़ा, आज ही साफ” अभियान के माध्यम से रात्रि शिफ्ट में विशेष सफाई व्यवस्था लागू की गई है, जिससे सभी घाट स्वच्छ बने रहें और श्रद्धालुओं को बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि नगर निगम की पूरी टीम इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
नगर निगम के अनुसार यह अभियान कांवड़ मेले के दौरान लगातार जारी रहेगा और प्रतिदिन रात्रि शिफ्ट में विशेष सफाई कर अगले दिन सुबह तक सभी प्रमुख घाटों को स्वच्छ रखने का प्रयास किया जाएगा। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह नियमित रूप से सफाई अभियान चलता रहा तो शहर की स्वच्छता व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







