हाईवे पर देर रात एसएसपी का औचक निरीक्षण, ड्यूटी में लापरवाही पर 9 दरोगा और सिपाही निलंबित, 4 का स्पष्टीकरण तलब

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, उधम सिंह नगर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर अजय गणपति ने बीती देर रात हाईवे पर पुलिस व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई पुलिसकर्मी ड्यूटी में लापरवाही करते मिले। कोई निर्धारित प्वाइंट पर मौजूद नहीं था तो किसी ने अपनी गलत लोकेशन बताई। इस पर एसएसपी ने तत्काल सख्त रुख अपनाते हुए 9 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया, जबकि 4 अन्य पुलिसकर्मियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।

एसएसपी के अचानक निरीक्षण से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि कुछ पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान निर्धारित स्थानों पर मौजूद नहीं थे, जबकि कुछ ने वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी गलत लोकेशन की जानकारी दी। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए एसएसपी ने मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश दिए।

इन पुलिसकर्मियों को किया गया निलंबित

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में कोतवाली कैलाखेड़ा के उपनिरीक्षक हरीश महर एवं आरक्षी कमल सिंह, कोतवाली बाजपुर के उपनिरीक्षक धीरेन्द्र परिहार, आरक्षी शैलेन्द्र सिंह एवं आरक्षी पूरन चन्द्र तथा कोतवाली आईटीआई के उपनिरीक्षक सुशील कुमार, मुख्य आरक्षी सिराज हुसैन, आरक्षी धर्मेन्द्र भारती और आरक्षी मोहन गिरी शामिल हैं।

इसके अलावा चार अन्य पुलिसकर्मियों से भी ड्यूटी में लापरवाही के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें लापरवाही बरतने वाले किसी भी पुलिसकर्मी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी की इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में अनुशासन को लेकर स्पष्ट संदेश गया है कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की ढिलाई अब महंगी साबित होगी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में भी ऐसे औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे और लापरवाह पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

You cannot copy content of this page