प्रभारी सचिव बीके संत ने किया आरटीओ कार्यालय का निरीक्षण, विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में दिए जरूरी निर्देश, देखिए वीडियो

खबर डोज, हरिद्वार। जनपद हरिद्वार के प्रभारी सचिव बीके संत ने बुधवार को विकास भवन सभागार में विभिन्न विभागों के विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य, परिवहन सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए प्रभारी सचिव ने जिले में विशेषज्ञ चिकित्सकों (स्पेशलिस्ट डॉक्टरों) की कमी पर चिंता व्यक्त की। अधिकारियों ने उन्हें जिले में डॉक्टरों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। इस पर प्रभारी सचिव ने कहा कि सरकार जल्द ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी करेगी, जिससे आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने पर भी जोर दिया।
समीक्षा बैठक के बाद प्रभारी सचिव बीके संत ने क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, अभिलेखों के रखरखाव, साफ-सफाई, कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कार्यालय में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी कार्य पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही के साथ किए जाएं।
प्रभारी सचिव ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि नागरिकों को सरकारी कार्यालयों में सरल, पारदर्शी और बेहतर सेवाएं मिलें। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। प्रभारी सचिव ने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण तथा विकास योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







