कोटद्वार पुलिस ने चेन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का किया पर्दाफाश, पत्रकार समेत तीन गिरफ्तार, एक महिला फरार

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। कोटद्वार पुलिस ने महिलाओं के गले से सोने की चेन चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह की महिला सदस्य सार्वजनिक वाहनों और ऑटो में महिलाओं के पास बैठकर कुछ ही सेकेंड में उनके गले से चेन उड़ा देती थीं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई चेन बेचकर प्राप्त 1.10 लाख रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त दो कारें बरामद की हैं। मामले में एक महिला आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि मोटाढाक निवासी सतेश्वरी देवी ने 23 जून 2026 को कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उमराव नगर से सिम्मलचौड़ जाने के दौरान वह एक ऑटो में सवार थीं। रास्ते में दो महिलाएं भी ऑटो में बैठीं। गंतव्य पर उतरने के बाद उन्हें पता चला कि उनके गले से सोने की चेन चोरी हो चुकी है। शिकायत के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर एएसपी कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर, सीओ अस्मिता ममगाई और प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान पुलिस ने कोटद्वार, नजीबाबाद, हरिद्वार, मुजफ्फरनगर और मेरठ तक करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

जांच में सामने आया कि गिरोह दो कारों का इस्तेमाल करता था। एक कार घटना स्थल से दूर खड़ी रहती थी, जबकि महिला सदस्य ऑटो और अन्य सार्वजनिक वाहनों में महिलाओं के पास बैठकर दुपट्टे या बैग की आड़ में चेन चोरी कर लेती थीं। चोरी के तुरंत बाद आभूषण दूसरी कार में बैठे साथियों को सौंप दिए जाते थे, ताकि पुलिस की जांच से बचा जा सके।

पुलिस ने 30 जून को विक्रम (फरीदाबाद), सतीश (मेरठ) और ज्योति (रेवाड़ी) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि चोरी की गई सोने की चेन को 1.10 लाख रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने बिक्री से प्राप्त पूरी नकदी बरामद कर ली है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त सियाज और अर्टिगा कार भी जब्त कर ली गई हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सतीश खुद को कथित पत्रकार बताता था। वहीं इस मामले में नामजद आरोपी शिल्पी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अब चोरी की चेन खरीदने वाले व्यक्ति की भी तलाश कर रही है और उसके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

पौड़ी पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह लंबे समय से महिलाओं को निशाना बनाकर सुनियोजित तरीके से चेन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मेहराजुद्दीन, उपनिरीक्षक विनोद चपराना (चौकी प्रभारी बाजार), कांस्टेबल अनुज त्यागी, कांस्टेबल चन्द्रपाल, उपनिरीक्षक रणजीत तोमर (प्रभारी सीआईयू कोटद्वार), अपर उपनिरीक्षक अहसान अली, हेड कांस्टेबल उत्तम कुमार, कांस्टेबल सितांशु, होमगार्ड कुलदीप, पीआरडी मनीषा, पीआरडी मोनिका शामिल रहे।

You cannot copy content of this page