लोकतंत्र को मजबूत करने की पहल: एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने भरा गणना प्रपत्र, जनता से की सहयोग की अपील

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। निर्वाचन आयोग के निर्देशों तथा जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद हरिद्वार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 अभियान के तहत मतदाता सत्यापन एवं गणना प्रपत्र भरने का कार्य तेज गति से संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत बीएलओ घर-घर जाकर नागरिकों से संपर्क कर गणना प्रपत्र भरवा रहे हैं।

इसी क्रम में शनिवार को बीएलओ कविता पाल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के आवास पहुंचीं, जहां एसएसपी ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत स्वयं गणना प्रपत्र भरकर अभियान में सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त एवं पारदर्शी बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत गणना प्रपत्र भरने तथा बीएलओ को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की ओर से चलाया जा रहा यह अभियान मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र को और मजबूत करेगी।

कार्यक्रम के दौरान बीएलओ कविता पाल, सहायक नोडल अधिकारी मीडिया गोविन्द कुर्ल तथा स्वीप प्रकोष्ठ के प्रभारी डॉ. संतोष कुमार चमोला भी उपस्थित रहे।

जनपद में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत प्रशासन लगातार लोगों को जागरूक कर रहा है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस प्रक्रिया में शामिल होकर अपने मतदाता संबंधी विवरणों का सत्यापन करा सकें।

You cannot copy content of this page