चारधाम यात्रा सीजन में परिवहन विभाग का सख्त एक्शन, 312 वाहनों के चालान, 19 वाहन सीज

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, देहरादून। चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान बढ़ते यातायात दबाव तथा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा देहरादून और हरिद्वार जनपद में विशेष इंटरसेप्टर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। 9 जून से शुरू हुआ यह अभियान 15 जून 2026 तक जारी रहेगा, जिसके तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

परिवहन विभाग द्वारा ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, यातायात बाधित करने, बिना परमिट संचालन तथा निजी वाहनों के व्यावसायिक उपयोग जैसे गंभीर उल्लंघनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अभियान के लिए प्रमुख मार्गों पर इंटरसेप्टर टीमों की तैनाती की गई है, जो आधुनिक उपकरणों की मदद से वाहनों की निगरानी कर रही हैं।

तीन प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी

अभियान के तहत प्रेमनगर आश्रम से चंडी चौक–नेपाली फार्म मार्ग, नेपाली फार्म–भानियावाला–जौलीग्रांट–रानीपोखरी मार्ग तथा आईएसबीटी–मोहकमपुर–लच्छीवाला–डोईवाला मार्ग पर इंटरसेप्टर दल लगातार चेकिंग कर रहे हैं।

इस अभियान का नेतृत्व परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी (हरिद्वार इंटरसेप्टर दल), हरीश रावल (रुड़की इंटरसेप्टर दल) और श्वेता रौथाण (देहरादून इंटरसेप्टर दल) द्वारा किया जा रहा है।

312 वाहनों के चालान, 19 वाहन किए गए बंद

अभियान के दौरान कुल 312 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 19 वाहनों को सीज (बंद) किया गया।

कार्रवाई के दौरान:

  • 76 वाहन ओवरस्पीडिंग करते पाए गए।
  • 50 वाहन गलत लेन अथवा विपरीत दिशा में चलते मिले।
  • 36 वाहन बिना कर अदायगी के संचालित होते पाए गए।
  • 16 वाहन बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र के मिले।
  • 21 वाहन बिना परमिट के संचालित पाए गए।
  • 2 निजी वाहनों का व्यावसायिक उपयोग किए जाने पर उन्हें सीज किया गया।

अवैध पार्किंग पर भी चला विभाग का डंडा

आईएसबीटी देहरादून, नेपाली फार्म, चंडी चौक हरिद्वार तथा आसपास के क्षेत्रों में सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े होकर यातायात बाधित कर रहे बसों एवं अन्य वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इंटरसेप्टर टीमों ने ऐसे वाहनों को तत्काल हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया।

यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: डॉ. अनीता चमोला

संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) देहरादून मंडल ने कहा कि चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान यात्रियों की सुरक्षा तथा सुगम यातायात संचालन विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि ओवरस्पीडिंग, अवैध पार्किंग, बिना परमिट संचालन और यातायात नियमों की अनदेखी सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। परिवहन विभाग ऐसे मामलों में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर कार्य कर रहा है।

डॉ. चमोला ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सभी वैध दस्तावेज साथ रखने और सड़क सुरक्षा नियमों का पूरी तरह अनुपालन करने की अपील करते हुए कहा कि “सुरक्षित यात्रा ही सफल यात्रा की पहचान है।”

उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष प्रवर्तन अभियान 15 जून तक जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। नियमों का पालन कर हम स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों के जीवन की भी रक्षा कर सकते हैं।

You cannot copy content of this page