लक्सर थाने के बाहर व्यक्ति ने खुद को आग लगाकर आत्मदाह का किया प्रयास, जमीन विवाद का बताया मामला, पुलिस महकमे में मचा हडकंप

ख़बर शेयर करें -

–नारायण उर्फ नीतू ने बाइक खड़ी कर खुद पर डाला ज्वलनशील पदार्थ, पुलिसकर्मियों ने कंबल डालकर बुझाई आग, तहसीलदार के समक्ष दिए बयान में साले पर लगाए गंभीर आरोप

खबर डोज, लक्सर। लक्सर कोतवाली के बाहर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति ने मोटरसाइकिल खड़ी करने के बाद कथित तौर पर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल कंबल डालकर आग बुझाई। घटना में व्यक्ति आंशिक रूप से झुलस गया, जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लक्सर भेजा गया।

बताया जा रहा है कि नारायण उर्फ नीतू नामक व्यक्ति जमीन विवाद से परेशान था। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, व्यक्ति ने तहसीलदार लक्सर के समक्ष दिए गए डाइंग डिक्लेरेशन में बताया कि उसने डीजल डालकर खुद को आग लगाई।

डाइंग डिक्लेरेशन में नारायण उर्फ नीतू ने अपने साले पर करीब 30 लाख रुपये वापस नहीं करने तथा जमीन देने से इनकार करने का आरोप लगाया है। बताया गया कि इसी विवाद को लेकर वह काफी परेशान था और इसी के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी। प्रकरण की जांच वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट को सौंपी गई है। पुलिस अब डाइंग डिक्लेरेशन में लगाए गए आरोपों, जमीन विवाद से जुड़े दस्तावेजों और दोनों पक्षों के बयानों की जांच करेगी।

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल झुलसे व्यक्ति का उपचार कराया जा रहा है। घटना के बाद लक्सर कोतवाली परिसर के बाहर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

You cannot copy content of this page