उत्तराखंड हाईकोर्ट में बड़ा फेरबदल, जस्टिस मनोज कुमार तिवारी होंगे कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव होने जा रहा है। भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी को उत्तराखंड हाईकोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति भारतीय संविधान के अनुच्छेद 223 के तहत की गई है।

मंत्रालय की अधिसूचना के मुताबिक जस्टिस मनोज कुमार तिवारी की नई जिम्मेदारी 9 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होगी। वर्तमान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता 8 अक्टूबर 2026 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद जस्टिस तिवारी कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में हाईकोर्ट के न्यायिक और प्रशासनिक कार्यों का संचालन करेंगे।

केंद्र सरकार के संयुक्त सचिव जगन्नाथ श्रीनिवासन की ओर से 6 अक्टूबर को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है। न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी उत्तराखंड हाईकोर्ट में वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में कार्य कर चुके हैं। उनकी नियुक्ति के साथ हाईकोर्ट में प्रशासनिक एवं न्यायिक कार्यों की निरंतरता बनाए रखने की उम्मीद है।

जस्टिस सुभाष उपाध्याय के स्थायी न्यायाधीश बनने का रास्ता साफ

वहीं, उत्तराखंड हाईकोर्ट में अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में कार्यरत जस्टिस सुभाष उपाध्याय के स्थायी न्यायाधीश बनने का रास्ता भी साफ हो गया है। कॉलेजियम की मंजूरी के बाद उनकी नियुक्ति की औपचारिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

जस्टिस सुभाष उपाध्याय का जन्म 12 दिसंबर 1972 को हुआ था। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से बीएससी, एलएलबी और एमएसडब्ल्यू की शिक्षा हासिल की। वर्ष 1998 में उन्होंने वकालत शुरू की। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ में प्रैक्टिस करने के बाद उत्तराखंड राज्य गठन के पश्चात उन्होंने नैनीताल स्थित उत्तराखंड हाईकोर्ट में सिविल, संवैधानिक और सेवा संबंधी मामलों में पैरवी की।

वकालत के दौरान उन्होंने राज्य के मुख्य स्थायी वकील समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। 30 मई 2025 को उन्होंने उत्तराखंड हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में शपथ ली थी। अब कॉलेजियम की मंजूरी के बाद उनके स्थायी न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

You cannot copy content of this page