एसएसपी श्वेता चौबे ने किया थाना छाम का औचक निरीक्षण, नए भवन के लिए प्रस्तावित भूमि देखी, कांवड़ यात्रा और गौरा टीम अभियान की भी समीक्षा

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, टिहरी गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे ने बुधवार को थाना छाम का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, अभिलेख, मालखाना, शस्त्रागार, सीसीटीएनएस कार्य, भोजनालय, साफ-सफाई, ड्यूटी व्यवस्था सहित अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही लंबित विवेचनाओं, जनशिकायतों एवं थाना कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं जनोन्मुखी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना छाम के नए भवन निर्माण के लिए प्रस्तावित भूमि का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भूमि संबंधी औपचारिकताओं एवं पत्राचार की प्रभावी पैरवी करते हुए भवन निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर पुलिस सुविधाएं और पुलिस बल को आधुनिक आधारभूत संरचना उपलब्ध हो सके।

इसके बाद एसएसपी ने पुलिस चौकी कांडीखाल, कमांद और मटियाली का भी निरीक्षण किया। उन्होंने चौकियों की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई तथा ड्यूटी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

थाना परिसर में आयोजित पुलिस सम्मेलन के दौरान एसएसपी ने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, जनसुनवाई और कांवड़ यात्रा ड्यूटी की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण किया जाए तथा आमजन के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार पुलिस की प्राथमिकता हो।

एसएसपी श्वेता चौबे ने कांवड़ यात्रा मार्ग का भी स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा यातायात व्यवस्था को हर समय सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एक भावनात्मक क्षण भी देखने को मिला, जब ‘गौरा टीम’ के जागरूकता अभियान से प्रेरित कई छात्राएं थाना पहुंचीं और एसएसपी व महिला पुलिसकर्मियों का आभार व्यक्त किया। छात्राओं ने कहा कि स्कूलों में पुलिस दीदी के आने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और उन्हें अपनी सुरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा साइबर अपराधों से बचाव की महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। इस अवसर पर एसएसपी ने छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा, आत्मविश्वास, आत्मरक्षा और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया तथा अध्ययन सामग्री, पुस्तकें और चॉकलेट वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

भ्रमण के दौरान एसएसपी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों से भी मुलाकात कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास, सहयोग और समन्वय को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।

निरीक्षण के समापन पर एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि टिहरी पुलिस कांवड़ मेला-2026 के सुरक्षित एवं सफल संचालन के साथ-साथ महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, जनविश्वास और सामुदायिक पुलिसिंग को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

You cannot copy content of this page