गड्ढों के नाम से मशहूर हुआ कोटद्वार शहर, रक्षाबंधन पर महिला की मौत के बाद अब ई-रिक्शा पलटा, बुजुर्ग महिला चोटिल, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। जनपद पौड़ी गढ़वाल का कोटद्वार शहर इन दिनों अपनी बदहाल सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों को लेकर चर्चा में है। सड़क के गड्ढे लगातार हादसों का कारण बन रहे हैं। रक्षाबंधन के दिन सड़क के गड्ढे की वजह से बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने से एक महिला की मौत का मामला सामने आया था। वहीं, इसके अगले ही दिन नजीबाबाद रोड पर गड्ढों के कारण ई-रिक्शा पलट गया, जिसमें सवार एक बुजुर्ग महिला चोटिल हो गई। लगातार सामने आ रहे इन हादसों ने सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, रक्षाबंधन के दिन अनामिका नैथानी अपने भाई को राखी बांधने के लिए बाइक से जा रही थीं। इसी दौरान सड़क पर बने गड्ढे की चपेट में आने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में अनामिका गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। रक्षाबंधन के पर्व पर हुई इस दर्दनाक घटना से परिवार में मातम पसर गया।

इस घटना के अगले दिन नजीबाबाद रोड पर सड़क के गड्ढों के कारण एक ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा में सवार एक बुजुर्ग महिला चोटिल हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कोटद्वार की कई प्रमुख सड़कों पर लंबे समय से गहरे गड्ढे बने हुए हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है।

लोगों ने संबंधित विभाग से सड़कों के गड्ढों को तत्काल भरने और सड़क की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है। सवाल यह है कि आखिर किसी और हादसे और जान जाने का इंतजार कब तक?

You cannot copy content of this page