सत्यापन अभियान में पुलिस टीम से अभद्रता और मारपीट करने वाली महिला समेत चार गिरफ्तार, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के रोशनाबाद में सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस टीम के सरकारी कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज और मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी और सरकारी दस्तावेजों को भी छिन्न-भिन्न किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त को विशेष शाखा अभिसूचना विभाग उत्तराखंड पुलिस में तैनात आरक्षी मनोज सैनी ने सिडकुल थाने में तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि सत्यापन अभियान के दौरान सूरज कुमार, समीर समेत अन्य लोगों और एक महिला ने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोपियों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने तथा सरकारी दस्तावेजों को नुकसान पहुंचाने के आरोप भी लगाए गए।

तहरीर के आधार पर थाना सिडकुल में धारा 132, 121(1), 352, 351(3) और 324(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। 28 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने केविन केयर तिराहे से एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में समीर (22), आशु (20), सूरज कुमार (26) और 25 वर्षीय एक महिला शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, समीर और आशु मूल रूप से बिजनौर जिले के रहने वाले हैं और वर्तमान में रानीपुर क्षेत्र में रह रहे थे। वहीं सूरज कुमार और महिला रोशनाबाद क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहे थे।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की जा रही है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपियों में समीर पुत्र सुन्दर निवासी लाखीवाला टांडा माईपास, थाना नगीना, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी अभय प्रताप का मकान, बैरियर नंबर-6, कोतवाली रानीपुर, हरिद्वार शामिल है। दूसरा आरोपी आशु पुत्र सुन्दर निवासी लाखीवाला टांडा माईपास, थाना नगीना, जिला बिजनौर, हाल निवासी अभय प्रताप का मकान, बैरियर नंबर-6, कोतवाली रानीपुर, हरिद्वार है।

तीसरा आरोपी सूरज कुमार पुत्र अनिल मेहतो निवासी ग्राम माडोटोला, थाना मोकामा, जिला पटना, बिहार, हाल निवासी आशु के मकान में किरायेदार, लिली होटल के पास रोशनाबाद, थाना सिडकुल, हरिद्वार है। चौथी आरोपी 25 वर्षीय महिला पत्नी शिवम मिश्रा निवासी ग्राम सेखापुर, थाना मोहम्मदी, जिला लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी आशु के मकान में किरायेदार, लिली होटल के पास रोशनाबाद, थाना सिडकुल, हरिद्वार है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह चौहान, कांस्टेबल मनीष, कांस्टेबल अनिल कंडारी और महिला कांस्टेबल संगीता शामिल रहे।

You cannot copy content of this page